Showing posts with label Youth. Show all posts
Showing posts with label Youth. Show all posts

May 24, 2011

Wish I Was 22 Again


आज फिर से दिल करता है कि 5 साल पीछे चली जाउं...ऐसा क्या था 5 साल पहले जो अब नहीं है?

पांच साल पहले मैंनें मीडिया में क़दम रखा था. उस वक्त न सिर्फ मुझमें काम के प्रति ज़्यादा उत्साह था बल्कि ज़िंदगी में कामयाब होने की एक ललक थी...उस वक्त एक 'ज़िदंगी' ऑफिस के बाहर भी हुआ करती थी...मुझे याद नहीं कि कभी दफ्तर की कोई टेंशन मैं बाहर लेकर आई.
22 साल की उम्र में 'शादी' जैसा बड़ा फ़ैसला कर लिया था मैंने...पहली नौकरी और पहली रिलेशन्शिप....यह 'पंचनामा' इसलिए क्योंकि एक नई बॉलीवुड फिल्म ने मुझे कॉलेज के तुरंत बाद के दिनों की याद दिला दी...दिल्ली शहर में लाइफ कैसी है...जैसे हम हैं बिल्कुल वैसी. जब हम ख़ुश तो सारा शहर मानो जश्न मनाता हो...और जब हम ग़मज़दा तो जैसे हर कोई अपनी तन्हाई में डूबा हुआ. एक दूसरे का हाल पूछने की किसी को फुरसत ही नहीं. पांच साल में कई दोस्त बने, कई पुराने दोस्त छूट गए.

मग़र आज यह फिल्म देखकर एहसास हुआ कि ‘दोस्ती’ तो निभाई जा सकती है मग़र ‘रिलेशन्शिप्स’...बाप रे बाप...जैसे फिल्म के एक किरदार ने कहा: “Relationship means an end to your own happiness…” वाकई, उस उम्र में तो क्या किसी भी उम्र में रिश्ते निभाना “is a hell of a job”.

प्यार को समझने में ही एक उम्र निकल जाती है...जिसे हम प्यार समझ बैठते हैं वो अकसर एक ज़रुरत होती है...किसी ‘छलावे’ के पीछे हम अपना सब कुछ लुटा देते हैं और फिर कुछ हाथ न लगने पर या तो ख़ुदको कोसते हैं या सामने वाले को...वैसे ख़ुदको ज़िम्मेदार मानने वाले समझदार कम ही होंगे...अपनी बात करुं तो रिलेशन्शिप ख़त्म होने के कई साल तक मैं अपने आपको ही ज़िम्मेदार मानती रही...लेकिन सिर्फ रिलेशन्शिप ओवर होने का उसके असफल होने का  नहीं. अलग होने का फ़ैसला मेरा था लेकिन रिश्ते की नाक़ामयाबी का ठीकरा मैंने उसके सर मढ़ दिया. “मुझे वो ख़ुश नहीं रख पाया...” यही सोचकर में आगे बढ़ गई. मगर इन 5 सालों में शादी के कई प्रस्तावों के बावजूद मैं ख़ुदको किसी से जोड़ नहीं सकी... शायद मैं आगे बढ़ ही नहीं पाई थी.

मैं बिना किसी रिलेशन्शिप के भी वैसी ही थी जैसे रिलेशन्शिप के दौरान...तब समझ में आया कि ख़ुदको ख़ुश रखने की ज़िम्मेदारी हमारी अपनी है...फिल्म में हीरो जब कहता है कि “इन लड़कियों को कोई ख़ुश नहीं रख सकता...” तब लगा कि अगर हर लड़का इसी मानसिकता से पीड़ित रहेगा तो न तो कभी ख़ुद ख़ुश रहेगा और न लड़की को ख़ुश रख सकेगा...एक बात है औरतें ‘ख़ुश करने’ की मंशा से कोई काम नहीं करती...वो बस वही करती हैं जो उन्हें सही लगता है.. हां मगर सही-गलत का फ़ैसला उनका अपना होता है...और सारी ‘प्रॉब्लम’ ही यहीं से शुरु होती हैं...

मुझे अपने अलग होने के फ़ैसले पर कोई अफसोस नहीं मगर दिल करता है कि एक बार फिर 22 की हो जाउं और 'ज़िदंगी' फिर से शुरु करुं...इस बार किसी छलावे में नहीं बल्कि होश और समता में जीवन को सही ढंग से जीने के लिए...

October 1, 2010

Ayodhya Mein Pub: Sapna Adhoora Reh Gya!

फ़ैसले में 12 घंटे बाकी थे. फ़ोन पर SMS आया. अयोध्या विवाद पर फ़ैसला आ गया है. मुबारक हो वहां पब बनेगा. सभी पक्ष मान गये हैं. एक जज ने Girl's Hostel बनवाने की सलाह दी थी मगर लड़के-लड़कियों में अंतर ना करते हुए आख़िरकार ज़मीन 'पब' बनाने वाली पार्टी को सोपने का फ़ैसला लिया गया.

60 साल से चले आ रहे इस विवाद पर फ़ैसले के मद्देनज़र देश भर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गये थे. फ़ैसले की ख़बर सुनते ही देश भर में ख़ुशी की लहर दौड़ गई. लेकिन एक बड़े समुदाय ने फ़ैसले की निंदा करते हुए कहा की वह ख़ुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. पब में केवल नौजवानो को आने-जाने की छूट देकर कोर्ट ने उनके साथ धोखा किया है.

फ़ैसले के मुताबिक, 18-35 साल के सभी युवक-युवती अपना Identity Card दिखा कर प्रवेश पा सकते हैं. पब के लिए कोई टिकेट नही लगेगा. पब के निर्माण के लिए सारा पैसा प्रदेश की सरकार देगी. यदि ज़रूरत पड़ी तो PM Relief Fund से अधिक से अधिक राशि का प्रबंध किया जाएगा. पब के नाम पर शरारती तत्व लोगों से पैसे ना माँगे इसलिए बल्क SMS और MMS पर रोक 4 October तक बढ़ा दी गयी है. ख़बर सुनकर देश के क़ानून पर मुझे और भी गर्व महसूस हुआ. मैने सभी दोस्तो को msg किया. लेकिन किसी को यक़ीन नहीं हुआ की आज के भारत की सोच इतनी आगे निकल गयी है की अयोध्या जैसी नगरी में पार्टीयां आयोजित करने के मक़सद से इतना भव्य पब बन्ने जा रहा था. जब हर शाम इतने नौजवान एक साथ होंगे तो सोचिए कितने विषयों पर बात होगी. हर धर्म और जाति के युवा नेता इसी पब की गर्भ से निकलेंगे. बल्कि यह कहा जाना चाहिए की प्रेम और दोस्ती के रस में ओत-प्रोत युवाओं के पास धर्म और जाति पर विचार करने का समय ही नहीं होगा. यदि धर्म का भेदभाव नहीं होगा तो सभी युवा एक जुट होकर एक नया भारत बनाने का कार्य करेंगे.

हरिवंश राय बच्चन जी की दो पंक्तियाँ हैं: "मंदिर-मस्जिद बैर बढ़ाते, मेल कराती मधुशाला." दिन भर ऑफिस में काम करने के बाद यहाँ आने से थकान एक दम दूर हो जाएगी. दूर-दूर से लोग अयोध्या पब में एंजाय करने आएँगे. रास्ते में भी नये दोस्त बनाने का भी अवसर मिलेगा. यह सचमुच एक एतिहसिक फ़ैसला होगा. यही सोच
कर मैं मीठी नींद में सो गयी. मग़र अगले दिन जब ऑफिस पहुंची तो फ़ैसला सुनकर कुछ उदास हो गयी. मेरा सपना टूट चुका  था. कोर्ट के  जज की नज़र में अयोध्या पर किसी पुरुष-महिला से पहले पुरुषोत्त राम का अधिकार था. क़ानून की नज़र में उनका जन्म वहीं हुआ था. वकील ने कहा भगवान राम अयोध्या में ही हैं, लोग ख़ामख़ा उन्हें अपने दिलों में ढ़ूढ़ रहे थे. पता मिलने की ख़ुशी में देश के कई हिन्दू ईद मनाने लगे. ऑफिस में कुछ लोगों ने बधाई देते हुए समोसे बांटे. भूख के चलते इस नशे का हिस्सा में भी बन गयी. सपने आख़िर सपने ही होते हैं...फ़िर वही मंदिर, वही मस्ज़िद...वही चन्दन के टीके से सने माथे, पेशानी पर वही पांच वक्त की नमाज़ की निशानी...जगह चाहे जिसको भी मिले...पब का सपना अधूरा ही रह गया. वैसे सुना है सभी पक्ष उपरी अदालत में जा रहे हैं... काश इस बार 'पब' वाले जीत जायें.